Friday, April 26, 2024

‘Money Heist’ (मनी हाईस्ट) Season 5 Part 1: Review in Hindi

अंततः इंतज़ार खत्म हुआ और निर्देशक एलेक्स शीना (Alex Pina) की वेब सीरीज़ ‘मनी हाईस्ट’ (Money Heist) के पाँचवें सीज़न का पहला भाग नेटफ्लिक्स पर आ चुका है | आइए, जानते हैं कि इस वेब सीरीज़ को लेकर दुनिया भर में जितनी उत्सुकता थी उस पर यह कितनी खरी उतरी ? 

और पढ़ें – Money Heist (मनी हाईस्ट) Recap In Hindi: Season 5 ‘Story So Far’


सधी हुई शुरुआत

वेब सीरीज़ में किसी भी एपिसोड / सीज़न को ऐसी जगह पर लाकर छोड़ा जाता है, जहाँ से दर्शकों में अगले एपिसोड / सीज़न को देखने की उत्सुकता बनी रहे | इस काम में एलेक्स शीना माहिर हैं | सीज़न चार के अंतिम एपिसोड में हमने राकेल उर्फ लिस्बन को बैंक ऑफ़ स्पेन में मौजूद प्रोफ़ेसर की टीम का हिस्सा बनते देखा था | वहीं प्रोफ़ेसर (अलवरो मोर्ते), पद से हटा दी गई गर्भवती इंस्पेक्टर अलिसिया सिएरा (नजवा निमरी) की पिस्तौल के निशाने पर दिखे थे | 

- Advertisement -

पिछले एपिसोड से ही दर्शकों को यह प्रश्न परेशान कर रहा था कि क्या अलिसिया प्रोफेसर को पकड़ लेगी या हमेशा की तरह प्रोफ़ेसर अपने जीनियस होने का परिचय देते हुए उसे चकमा देने में कामयाब हो जाएंगे | इन प्रश्नों का जवाब 5वें सीज़न के पहले एपिसोड में ही मिल जाता है | प्रोफेसर अलिसिया की गिरफ्त में है | अलिसिया बैंक ऑफ़ स्पेन में चल रहे प्लान के बारे में बताने के लिए उसे हर तरह से प्रताड़ित करती है | कहने के लिए तो प्रोफ़ेसर अलिसिया से कहता है, “यह प्लान सेटबैक प्रूफ है” लेकिन जब उसकी टीम को पता चलता है कि प्रोफ़ेसर पकड़ा गया है तो राकेल टोक्यो से कहती हुई दिखती है कि “इस बार कोई प्लान बी नहीं है |” उस स्थिति में बैंक लूटने आई प्रोफेसर की टीम का मनोबल टोक्यो के एक संवाद से अच्छी तरह समझा जा सकता है “No father, no plan, no hope.” प्रोफेसर के बिना उसकी टीम अनाथ और असहाय सा महसूस करती है |

प्रोफ़ेसर पकड़ा जा चुका है उसकी टीम के पास कोई प्लान नही है, अब उन्हें सबकुछ अपनी समझ से करना है | उधर कर्नल तमायो बैंक ऑफ़ स्पेन को खाली कराने के लिए पुलिस की जगह मिलट्री फ़ोर्स उतार देता है | तमायो के इस कदम का अर्थ स्पष्ट है कि सत्ता, अब प्रोफ़ेसर और उसके मिशन का दमन करके ही दम लेगी | निश्चित है कि कर्नल तमायो का यह फैसला प्रोफ़ेसर की टीम के लिए खतरे और चुनौती का स्तर कई गुना बढ़ा देता है | 

मनी हाईस्ट (Money Heist) के निर्देशक पहले एपिसोड के शुरूआती दृश्यों से ही तनाव बनाने में सफल रहते हैं | ‘अब आगे क्या होगा..’ वाली उत्सुकता और पकड़ जो ‘मनी हाईस्ट’ सीरीज़ की जान है, इस बार भी अंत तक बनी रहती है | 


दमदार महिला चरित्र 

सीज़न 5 में टोक्यो,  अलिसिया सिएरा, राकेल उर्फ लिस्बन और मोनिका उर्फ स्कॉटहोम जैसे महिला चरित्र कहानी को आगे बढ़ाने में मज़बूत भूमिका निभाते नज़र आते हैं | 

खासतौर से अलिसिया (नजवा निमरी) के पात्र को इस सीज़न में जो विस्तार दिया गया उसे देख कर यह अंदाज़ा लगाना बिलकुल भी मुश्किल नहीं है कि दिसम्बर में आने वाले भाग दो में यह पात्र कहानी में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा | अलिसिया का चरित्र निभाने वाली अभिनेत्री नजवा निमरी की अदाकारी देखने लायक है | अगले भाग में इन पर सबकी नज़र रहेगी | 

सीज़न 5 में टोक्यो (उर्सुला कोरबेरो) और उसकी कहानी पर फोकस ज्यादा रखा गया है | फ़्लैशबैक में उसके ‘सिलेने ओलिवेइरा’ से ‘टोक्यो’ बनने का सफ़र दिखाया गया है | “अगर हम नहीं चुरायेंगे, तो हमारा जीवन हमसे चुरा लिया जायेगा” यह कहने वाली टोक्यो अपने जीवन और आज़ादी को दुनिया से चुराने के सफ़र में निकल पड़ती है, जिसमें रेने उसका हमसफ़र बनता है | सीज़न 5 में टोक्यो के हिस्से कई अच्छे संवाद आएं हैं, जैसे आखिरी एपिसोड में उसका प्रोफ़ेसर से कहना “आप हमेशा से मेरे गार्जियन एंजेल रहे हैं | अब मेरी बारी है, मैं आपकी गार्जियन एंजेल बनूंगी |”  टोक्यो कैसे प्रोफ़ेसर के लिए गार्जियन एंजेल बनती है, यह एक भावुक घटनाक्रम है जिसे जानने के लिए आपको यह वेब सीरीज़ देखना होगा | 

प्रोफ़ेसर की अनुपस्थिति में लिस्बन (इत्ज़ियार इटुनो) मिशन का नेतृत्व करती दिखती है | लिस्बन को जहाँ मानसिक रूप से मज़बूत दिखाया गया है, वहीं मोनिका (एस्तेर एसेबो) अपने बच्चे के भविष्य और अपने चुने गए मौजूदा रास्ते के बीच फँसी हुई नज़र आती है | उसके चरित्र के मनोवैज्ञानिक पहलू को उभारा गया है |


फ्लैशबैक के सहारे चरित्रों का खुलता जीवन 

मनी हाईस्ट (Money Heist) वेब सीरीज़ में पात्रों की संख्या ज्यादा है | बावजूद इसके कई पात्र दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं | यह  निर्देशक, लेखक का रचनात्मक कौशल है, जिन्होंने ध्यान रखा है कि सारे महत्वपूर्ण पात्रों के गुज़रे जीवन और चारित्रिक विकास को कहानी में जगह मिल सके | इसके लिए वह फ़्लैशबैक का सहारा लेते हैं | रॉयल मिंट की लूट हो या बैंक ऑफ़ स्पेन की, मुख्य कहानी के साथ किसी ना किसी पात्र की कहानी फ्लैशबैक में पूरी सीरीज़ में चलती रहती है | कई बार एक साथ 2-3 कहानियाँ भी चलती हैं | सीज़न 5 में बर्लिन, टोक्यो, और मनीला की कहानियाँ फ्लैशबैक में दिखाई गई है |


मुश्किलें बढ़ाते खलनायक 

गांडिया (जोस मैनुअल पोगा) बैंक ऑफ़ स्पेन का मुख्य सुरक्षा अधिकारी है | यह वही पात्र है जिसने पिछले सीज़न में नैरोबी को बड़ी बेरहमी से मारा था | इस सीज़न में भी गांडिया अपने पिछले तेवर में नज़र आता है | गांडिया और तमायो की घातक जोड़ी, प्रोफ़ेसर और उसकी टीम की सफलता के बीच खड़ी सबसे बड़ी बाधा हैं |

सत्ता की तरफ से बैंक ऑफ़ स्पेन में होने वाली लूट और आपराधिक गतिविधियों से निपटने का मुख्य जिम्मा कर्नल तमायो (फर्नांडो केयो) को सौंपा गया है | कानून व्यवस्था की दुहाई देने वाले तमायो खुद नियम-कानून के भीतर काम करने  में ज्यादा विश्वास नही रखते | 

आर्तुरो (एनरिक आर्से) ‘मनी हाईस्ट’ (Money Heist) का एक ऐसा चरित्र है जिसे सबसे ज्यादा नापसंद किया जाता है और यही इसकी लोकप्रियता का आधार भी है | इस सीज़न में भी आर्तुरो बंधकों की तरफ से अगुवाई करते हुए प्रोफ़ेसर की टीम को परेशान करने में कोई कसर नही छोड़ता |   


कुछ नए चरित्र

लंबी वेब सीरीज़ में पुराने पात्रों का जाना और नए पात्रों का आना कहानी को जीवंत बनाए रखने में मदद करता है | मनी हाईस्ट के लेखक इस बात को समझते हैं इसलिए सीज़न 5 में राफेल, सगास्टा और रेने जैसे नए चरित्रों को जगह दी गई है | 

राफएल बर्लिन का बेटा है | वह इलेक्ट्रोनिक इंजिनियर है जो साइबर सिक्योरिटी में पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुका है | बैंक ऑफ़ स्पेन को प्रोफ़ेसर की टीम से खाली कराने के अभियान की अगुवाई कर्नल तमायो सगास्टा को देता है | रेने टोक्यो का पूर्व प्रेमी है जो एक डकैती में मारा जा चुका है |


बर्लिन का जादू 

हाल ही में नेटफ्लिक्स में रिलीज़ हुई एक डॉक्यूमेंट्री में एलेक्स शीना ने इस बात को स्वीकार किया था कि उन्हें बर्लिन के चरित्र को मारने का अफ़सोस है | उनको भी इस बात का अंदाज़ा नही था कि बर्लिन इस वेब सीरीज़ का सबसे लोकप्रिय चरित्र बन जायेगा, जिससे दर्शकों का जुड़ाव इस कदर है कि वह बर्लिन के बिना मनी हाईस्ट के बारे में सोच भी नहीं सकते | दर्शकों की भावना के मद्देनज़र हर एपिसोड में बर्लिन के लिए कहानी में जगह बनाना, अब निर्माताओं की मजबूरी हो गई है | 

इस सीज़न में भी बर्लिन (पेड्रो अलोंसो) को रखा गया है और उनके लिए एक अलग कहानी भी रखी गई | उनके प्रशंसकों के लिए यह किसी ट्रीट से कम नही है | 

सीज़न पाँच में नैरोबी (एल्बा फ्लोरेस)  भी फ्लैशबैक में थोड़ी देर के लिए नज़र आती है |


रोलर कोस्टर की सवारी 

‘मनी हाईस्ट’ (Money Heist) को देखना, रोलर कोस्टर की सवारी करने जैसा अनुभव है | यह अनुभव सीज़न 5 में भी बना रहता है | लगातार एक के बाद एक रोमांचक घटनाएँ आती रहती हैं और दर्शक की नजर स्क्रीन से एक पल के लिए भी हट नही पाती | सीज़न पाँच की गति बनाए रखने के लिए निर्देशक की तारीफ करनी होगी | सारे एपिसोड कसे हुए हैं, कहीं भी ढीलापन नहीं आता | 

कहीं-कहीं वेब सीरीज़ स्टाइल और एक्शन में अतार्किक हो जाती है, जैसे एक एक्शन सीन में टोक्यो का हवा में छलांग लगते हुए ग्रेनेड को कैच करना और हवा में रहते हुए ही वापस उसे दुश्मनों की तरफ फेंक देना | 

एक-दो अपवादों को छोड़ दे तो सीज़न 5 के सारे एपिसोड दर्शकों को बांधे रहते हैं और उनका मनोरंजन भी करते हैं | 


अंतिम सिरा 

वेब सीरीज़ के सीज़न 5 के पहले हिस्से में निर्देशक, दर्शकों को एक के बाद एक तनाव और रोमांच से भरी घटनाओं से गुजारते हुए एक ऐसी भावुक जगह पर लाकर कुछ प्रश्नों के साथ छोड़ते हैं, जहाँ से दिसम्बर में आने वाले भाग दो के प्रति दर्शकों के मन में पर्याप्त उत्सुकता जग जाती है | 

यहाँ पर आपको बताते चले कि सीज़न 5 का दूसरा भाग 3 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होगा |

यहाँ देखें

फिल्मची के और आर्टिकल्स यहाँ पढ़ें।

Suman Lata
Suman Lata
Suman Lata completed her L.L.B. from Allahabad University. She developed an interest in art and literature and got involved in various artistic activities. Suman believes in the idea that art is meant for society. She is actively writing articles and literary pieces for different platforms. She has been working as a freelance translator for the last 6 years. She was previously associated with theatre arts.

नए लेख